शाखा नहर के मेंटेनेंस में मानक हासिए पर, विवाद की स्थिति

कोरबा। किसानों को निस्तार के लिए दिए जाने वाले पानी के मामले में शाखा नहरें अपनी खास भूमिका निभाती है। समय-समय पर इनके मेंटेनेंस की जरूरत होती है। भैंसा डेम से गुरसिया के बीच बनी शाखा नहर का मेंटेनेंस इन दिनों चल रहा है। इसमें गुणवत्ता के मानक किनारे कर दिए गए हैं। इससे विवाद की स्थिति बनी हुई है।
जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के गुरसिया ग्राम पंचायत अंतर्गत नेटी भैंसा डेम से गुरसिया की ओर जाने वाली नहर की मरम्मत कार्य कराई जा रही है। माइनर एरिकेशन विभाग के द्वारा कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नहर की मरम्मत में गुणवत्ता और अन्य स्टैंडर्ड का पालन नोडल एजेंसी ने करना जरूरी नहीं समझा है। काम के दौरान न तो मौके पर किसी इंजीनियर की उपस्थिति रहती है और न ही अन्य अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की निगरानी की जा रही है। एक तरह से पूरी जिम्मेदारी मिस्त्री और मजदूरों को दे दी गई है। हैरानी की बात यह है कि घटिया निर्माण का आरोप किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि नहर में काम कर रहे मजदूरों ने ही लगाया है। मजदूरों का कहना है कि यदि इसी तरह लापरवाही से काम होता रहा तो नहर ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगी। ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान देने के साथ इसकी मॉनिटरिंग भी तय की जाए। लोगों ने कहा कि अगर इस तरफ उपेक्षा का रूख जारी रहा तो कलेक्टर कोरबा सहित विभागीय सचिव तक मामले की जानकारी भिजवाई जाएगी।

RO No. 13467/11