
नई दिल्ली। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री राबर्ट फिको के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने जेफरी एपस्टीन से संबंधित नई फाइलों के सामने आने के बाद इस्तीफा दे दिया, जिनमें पता चला है कि दोनों ने युवतियों के बारे में ईमेल का आदान-प्रदान किया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मिरोस्लाव लाजैक ने किसी भी प्रकार की गलती से इन्कार किया। उन्होंने इसे अनौपचारिक और हल्के-फुल्के अंदाज में ईमेल का आदान-प्रदान बताया।
आखिर क्यों दिया इस्तीफा?
उन्होंने कहा कि वह इस्तीफा इसलिए दे रहे हैं, ताकि इस स्थिति का इस्तेमाल प्रधानमंत्री पर हमला करने के लिए न किया जाए। फिको ने शनिवार को घोषणा की कि उन्होंने लाजैक का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन से संबंधित लाखों नई फाइलें शुक्रवार को प्रकाशित की थीं।
गवाही देने के लिए एंड्रयू पर बढ़ रहा दबाव
ब्रिटेन के विवादों में घिरे पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर पर इस सप्ताहांत में अमेरिका की उस समिति के समक्ष गवाही देने का दबाव बढ़ रहा है जो यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन के अपराधों की सीमा की जांच कर रही है। एक दूसरी महिला ने आरोप लगाया है कि एपस्टीन उसे 2010 में तत्कालीन राजकुमार एंड्रयू के साथ यौन संबंध बनाने के लिए ब्रिटेन ले गया था। यह मुलाकात विंडसर कैसल स्थित उनके रायल लाज आवास पर हुई थी।
कई शक्तिशाली लोगों के नाम शामिल
एपस्टीन फाइलों में कई शक्तिशाली लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन- विंडसर से लेकर एलन मस्क तक के नाम शामिल हैं। इसके अलावा प्रमुख नामों में वर्जिन ग्रुप के अरबपति संस्थापक रिचर्ड ब्रैनसन, न्यूयार्क जायंट्स के को-आनर स्टीवन टिश, इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक और अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक आदि शामिल हैं।



























