
आरएसएस नगर में घटना के बाद एक आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। कोरबा के आरएसएस नगर में शुक्रवार को तखतपुर के एक कारोबारी से मारपीट के साथ सोने की चेन लूटने की घटना में फरार तीन आरोपियों की खोज पुलिस कर रही है। इनमें से दो के बारे में पता चला है। सोमसेन गुप्ता और सोमू अग्रवाल को लेकर निगरानी तेज की गई है। जबकि एक आरोपी आयुष रत्नाकर गिरफ्तार हो चुका है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि घटना को चार आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। तखतपुर का दीपक किसी काम से कोरबा आया था। महाराणा प्रताप नगर से आरएसएस नगर जाने के दौरान वह रास्ते में एक जगह रूका। उसी दरम्यान स्कार्पियो पर सवार होकर 4 लोग पहुंचे। उन्होंने मौके पर दीपक से मारपीट की और फिर उसके गले में मौजूद सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पीडि़त की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया गया और जांच पड़ताल तेज की गई। कुछ घंटे बाद गिरफ्तार किए गए एक आरोपी आयुष से उसके साथियों के बारे में जानकारी ली गई। खबर मिली है कि फरार हुए दो आरोपियों में चर्चित सोमू अग्रवाल और सोमसेन गुप्ता के बिलासपुर इलाके में होने की खबर है। पुलिस की टीम को सक्रिय किया गया है। उनके नंबर सर्विलांस पर डाले गए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इन आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि संबंधित आरोपियों के टच में रहने वाले अन्य चेहरों पर भी नजर है ताकि न्यू ईयर के जश्र के दौरान वे कहीं और इस तरह की मनमानी न कर सके।
जारी है ऑपरेशन शांति
पुलिस ने कोरबा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऑपरेशन शांति को क्रियान्वित किया है। अब तक स्थाई और अस्थाई वारंटियों की धरपकड़ की जा रही है। इसके साथ ही गुंडा बदमाशों की हरकतों पर भी पुलिस की नजर है। संभव है कि 31 दिसंबर से पहले पुलिस अपने इलाके के शातिर अराजक तत्वों को थाना-चौकी बुलाकर क्लास भी ले सकती है। कई मौकों पर इस तरह के प्रयोग किए गए हैं और इससे काफी कुछ मदद घटनाओं को रोकने में मिली है।















