नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक बार फिर पेट संबंधी परेशानी के चलते दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से रविवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई कि फिलहाल 78 वर्षीय सोनिया गांधी को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
इससे पहले इस माह की शुरुआत में, सोनिया गांधी को तबीयत बिगड़ने की शिकायत के बाद हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) ले जाया गया था। शिमला के छराबड़ा स्थित उनके निजी निवास से उन्हें दोपहर बाद एमआरआई स्कैन और अन्य जांचों के लिए अस्पताल लाया गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उस वक्त उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से कुछ अधिक पाया गया था, हालांकि उनकी स्थिति सामान्य और नियंत्रण में थी। IGMC के एक डॉक्टर ने बताया था कि सोनिया गांधी को कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं थी और उन्हें सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जैसे ही उनके स्वास्थ्य की खबर सुनी, उन्होंने अपनी ऊना यात्रा बीच में छोड़कर शिमला रवाना होने का फैसला लिया था।
छराबड़ा स्थित है उनका निजी आवास

सोनिया गांधी का छराबड़ा स्थित निवास ‘द रिट्रीट’ के पास स्थित है। यह आवास अपनी औपनिवेशिक शैली और स्थानीय वास्तुकला का अद्वितीय मिश्रण है, जिसकी विशिष्ट ग्रे स्लेट की छतें इसकी खास पहचान हैं। इस स्थान पर वे अक्सर गर्मियों में विश्राम के लिए आती हैं।  उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी माह में भी सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी समस्या के कारण सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया गया था। उस समय भी उन्हें गैस्ट्रो विशेषज्ञों ने एक दिन के लिए निगरानी में रखा था और उनकी तबीयत स्थिर पाई गई थी।