
कोरिया बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ शासन के अधीन रैम्प योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के मार्गदर्शन में तथा च्वाइस कंसल्टेंसी के तकनीकी सहयोग से कोरिया जिले में माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस (एमएफपी) सेक्टर के अंतर्गत शहद, तेंदूपत्ता एवं महुआ आधारित उद्यमों के लिए सेक्टर-स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य वन उत्पादों से जुड़े स्वयं सहायता समूहों, संग्राहकों एवं लघु उद्यमियों को उन्नत प्रसंस्करण तकनीक, गुणवत्ता मानक, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, लागत निर्धारण तथा बाजार से जोडऩे संबंधी जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वन उत्पादों को व्यावसायिक स्वरूप देकर औपचारिक एवं संस्थागत बाजारों तक पहुँच बनाने के तरीकों पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन मास्टर ट्रेनर रेविका उपाध्याय द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ उद्यम विस्तार, आय वृद्धि एवं स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे अपने व्यवसाय के विकास में सहायक बताया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन की आजीविका संवर्धन नीति के अंतर्गत स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।























