
दुकान संचालक का दावा- एक करोड़ का नुकसान, आसपास की दुकानें बचाई गई
कोरबा। वर्ष 2025 की विदाई से चार दिन पहले कोरबा शहर में आगजनी की बड़ी घटना हुई। पीएच रोड के एक कामर्शियल काम्प्लेक्स स्थित स्टील दुकान आग की लपटों में घिरकर स्वाहा हो गई। आग का फैलाव आसपास में होता, इससे पहले दमकलों और आसपास के लोगों के संयुक्त प्रयासों से उसे रोक दिया गया। जो दुकान जली है उसके संचालक ने घटना में लगभग एक करोड़ नुकसान होने का दावा किया है। घटना को लेकर शार्टसर्किट होने का अनुमान है।
पीएच रोड के व्यावसायिक परिसर एसएस प्लाज़ा में सोमवार सुबह भीषण आग लगने की घटना हुई। आग लगने के बाद देखते ही देखते धुआं पूरे प्लाज़ा परिसर में फैल गया। मार्निंग वॉक करने वाले और अन्य लोगों ने इस दृश्य को देखा तो यहां-वहां सूचना दी। कुछ देर में लोगों की भीड़ भी जुटी और पुलिस की टीम पहुंची। सबसे पहले डीएसपीएम की दमकल ने यहां पहुंचकर आगजनी को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बताया गया कि आग की लपटों ने सबसे पहले बालाजी स्टील के उपरी हिस्से को निशाने पर लिया। मौके पर स्टील, क्रॉकरी और फाइबर के सामान की बड़ी खेप मौजूद थी। खबर के अनुसार दुकान के भीतर लगे स्वीच बोर्ड के वायरों में शॉटसर्किट होने से आग लगी और फिर उसने कुछ ही देर में सामानों को चपेट में लेते हुए दावानल का रूप ले लिया। आग के प्रभाव में ज्वेलरी और अन्य दुकानें आ सकती थीं, इस आशंका को देखते हुए आनन-फानन में संचालकों ने सामान समेटने में साहस दिखाया। कुछ देर में दूसरे संयंत्रों की दमकलें यहां पहुंचीं और आग पर काबू पाया, लेकिन इस समय तक बालाजी स्टील एम्पोरियम नामक दुकान का अधिकांश हिससा भस्मीभूमि हो चुका था। दमकलों की अंतिम कोशिश तक यहां ऐसा कुछ नहीं था जिसे बचाया जा सके। सामान्य तौर पर अग्नि दुर्घटनाएं गर्मी के मौसम में ज्यादा होती है। ठंड के मौसम में इसकी संभावनाएं नगण्य होती है। कोरबा में जो कुछ हुआ उसने एक बार फिर लोगों को एक बड़ा सबक दिया है।
आग की लपटों ने किया भयभीत
आज सुबह हुई इस घटना के रौद्र रूप ने दुकानदारों के अलावा आम लोगों को भयभीत किया। आग के विस्तार और लपटों ने लोगों को ऐसा एहसास कराया मानो बहुत बड़ा हिस्सा आगजनी के प्रभाव में आ गया है। दरअसल दुकानों के सामने लगे फ्लैक्स और डिस्प्ले जलने से जो नजारा पेश आया उससे ऐसा लगा मानों आग अंदर-बाहर दोनों तरफ लगी हुई है। लेकिन वास्तविकता ऐसी नहीं थी।
चेम्बर अध्यक्ष पहुंचे मौके पर
जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन सहित अन्य पदाधिकारी घटना की जानकारी मिलने पर यहां पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और कारोबारियों के साथ मिलकर जरूरी जतन किया। सीएसईबी के अधिकारियों की उपस्थिति में यह जानने की कोशिश की गई कि आखिर यह सब हुआ कैसे होगा। एसएस प्लाजा की इस घटना ने तीन वर्ष पहले कोरबा के कामर्शियल काम्प्लेक्स में हुई आगजनी की घटना को ताजा किया।























