
धनबाद। झारखंड का धनबाद निवासी कुख्यात गैंगस्टर आशीष रंजन सिंह उर्फ छोटू सिंह यूपी के प्रयागराज में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। मुठभेड़ प्रयागराज के शंकरगढ़ इलाके में बुधवार देर रात हुई। पुलिस की गोली से घायल आशीष को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। झारखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी आशीष रंजन की मौत की पुष्टि की है। एसटीएफ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। इनपुट मिला था कि आशीष अपने एक सहयोगी के साथ प्रयागराज में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। यह भी बताया गया कि वह शिवराजपुर चौराहा, थाना शंकरगढ़ के रास्ते शहर में दाखिल होने वाला है। इस सूचना के बाद एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जैसे ही आशीष वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय एके-47 राइफल और 9 एमएम पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एसटीएफ के तीन जवान बाल-बाल बचे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आशीष बुरी तरह घायल हो गया। आशीष को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मौके से एक एके-47 राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और खाली खोखे के अलावा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।






























