ग्वालियर में आवारा सांड का कहर : कोचिंग से लौट रहे 6 साल के मासूम पर किया हमला, सिर में आए 9 टांके

ग्वालियर, १४ फरवरी ।
शहर में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मुरार क्षेत्र के त्यागी नगर में सामने आया, जहां एक आवारा सांड ने छह साल के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में नौ टांके लगाए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, यह घटना 9 फरवरी की शाम की है। छह वर्षीय गोविंद लक्षकार अपनी बहन नंदनी लक्षकार के साथ रोज की तरह कोचिंग से पढक़र त्यागी नगर स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में खड़े एक आवारा सांड ने अचानक गोविंद पर हमला कर दिया। सांड ने बच्चे को सींगों में फंसाकर जमीन पर पटक दिया और कुचलने की कोशिश करने लगा।घटना के दौरान नंदनी ने शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और सांड को भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल गोविंद को तत्काल ग्वालियर के जिला अस्पताल के बाल एवं शिशु रोग विभाग (पीआईसीयू) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि कुछ सेकंड की और देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर है और गुरुवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में आवारा मवेशियों को पकडऩे की जिम्मेदारी नगर निगम के मदाखलत अमले की है, लेकिन अमला अक्सर केवल वीआईपी मूवमेंट के दौरान ही सक्रिय होता है। उस समय भी सांडों को पकडऩे के बजाय उन्हें गली-मोहल्लों और कॉलोनियों की ओर भगा दिया जाता है। शिकायतों के बाद भी यही रवैया अपनाया जाता है, जिससे इलाका बदलने पर सांड और अधिक आक्रामक हो जाते हैं और इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और नगर निगम से ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।

RO No. 13467/10