
अकलतरा। नगर के इंदिरा उद्यान से मिनी माता चौक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मार्ग से तहसील कार्यालय और अग्रसेन नगर से मनका दाई तक के मार्गों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। शाम होते ही इन रास्तों पर अंधेरा छा जाता है। लोग अंधेरे में जान जोखिम में डालकर आना-जाना कर रहे हैं। यह नगर का प्रवेश मार्ग भी है। मुख्य मार्ग होने के बावजूद नगर पालिका परिषद ने अब तक स्ट्रीट लाइट लगाने की कोई पहल नहीं की है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मार्ग से तहसील कार्यालय तक का रास्ता प्रमुख बाईपास है। इसी मार्ग पर तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, उप पंजीयक कार्यालय, स्वामी आत्मानंद स्कूल, सिंचाई विभाग कॉलोनी, पुलिस थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और शासकीय महाविद्यालय स्थित हैं। यही रास्ता ग्राम कापन और खिसोरा को भी जोड़ता है। शाम के बाद अंधेरे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। युवतियां और महिलाएं असुरक्षा के बीच सफर करने को मजबूर हैं। नगरवासियों ने जिला प्रशासन और नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि इन मार्गों पर जल्द स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में तहसील कार्यालय पहुंच मार्ग का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मार्ग किया गया था। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के पीयूष कांत चतुर्वेदी ने बताया कि शाम को अंधेरे में कई असामाजिक तत्व यहां सक्रिय हो जाते हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों पर रखा नाम
एलईडी लाइट और खंभे लगाने का कार्य जारी है ट्टनगर के महाराणा प्रताप चौक से मिनी माता चौक तक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मार्ग, अग्रसेन नगर से मनका दाई मंदिर पहुंच मार्ग में नगर पालिका परिषद द्वारा नई एलईडी लाइट और खंभे लगाने का कार्य करवाया जा रहा है। लाइट की टेस्टिंग और कार्य पूर्ण होने के बाद लाइट चालू की जाएगी। – दीप्ति सारथी, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद