हटरी रोड पर यातायात सुधार के लिए सख्ती, व्यवसायियों को समझाइश दी

सक्ती। शहर में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने जिला यातायात प्रभारी निरीक्षक वायएन शर्मा स्वयं सडक़ों पर उतरे। 20 फरवरी सुबह 11 बजे उन्होंने अपनी टीम के साथ बुधवारी बाजार से हटरी रोड, परशुराम चौक और आगे के मुख्य मार्गों का पैदल भ्रमण किया। लोग शिकायत कर रहे थे कि इन प्रमुख मार्गों पर छोटे-बड़े दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों का सामान सडक़ तक फैला देते हैं।
इसके अलावा कई दुकानदार अपने निजी वाहन भी सडक़ पर ही खड़े कर देते हैं। इतना ही नहीं, कई बार आमने-सामने की दुकानों पर एक साथ माल उतारने के लिए वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है। परिणामस्वरूप न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक ने मुनादी के माध्यम से व्यापारियों और आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपना सामान सडक़ से हटाकर दुकान की सीमा के भीतर रखें और किसी भी परिस्थिति में सडक़ पर वाहन पार्क न करें। साथ ही लाउडस्पीकर के जरिए यह घोषणा भी कराई कि हटरी रोड पर अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात प्रभारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि हटरी रोड पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े पाए गए तो संबंधित वाहन मालिक या चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वाहन स्वामी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

RO No. 13467/11