कोरबा। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई तेज की गई है। खासकर ओवरस्पीडिंग के मामलों में सख्त रुख अपनाया गया है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2025 से जून 2025 तक के छह महीने में कुल 2157 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई सडक़ सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई, ताकि दुर्घटनाओं की संख्या को कम किया जा सके। यातायात विभाग ने 21 लाख 83 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया है। यह राशि ओवरस्पीडिंग जैसे गंभीर उल्लंघनों पर लगाए गए समन शुल्क के रूप में प्राप्त हुई है। ट्रैफिक एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पुलिस की टीम सतत प्रयास कर रही है।