
सोनीपत। करनाल के घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक पुलिसकर्मी द्वारा डाक्टर के साथ मारपीट किए जाने के विरोध में शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल में डाक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया।डाक्टरों ने सुबह करीब 10 बजे से ओपीडी सेवाएं बंद रखकर सीएमओ कार्यालय के बाहर पार्क में धरना दिया और आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।धरने के दौरान डाक्टरों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि डाक्टर के साथ हुई मारपीट के मामले में जल्द ही केस दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं हुई तो डाक्टर आपातकालीन सेवाएं और पोस्टमार्टम जैसी जरूरी सेवाएं भी बंद करने को मजबूर होंगे। डाक्टरों के प्रदर्शन के चलते ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे इलाज के लिए आए कई मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों ने कहा कि डाक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।




















