
जम्मू, १० मार्च ।
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस ने सोमवार को जम्मू स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और नेता शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस ने उन्हें आगे बढऩे की अनुमति नहीं दी। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता, जिनमें महिलाएं भी थीं राज्य का दर्जा बहाल करो और हमारी रियासत हमारा हक लिखी तख्तियां लेकर आए थे और मोदी सरकार तथा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के सामने पूर्ण समर्पण कर दिया है। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द राज्य का दर्जा बहाल करने की भी मांग उठाई। केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कर्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है और उन संस्थाओं को कमजोर किया है जो कभी देश की विदेश नीति की पहचान थीं। उन्होंने कहा कि भारत कभी गुटनिरपेक्ष आंदोलन और क्षेत्रीय सहयोग मंच जैसे सार्क का प्रमुख समर्थक था, लेकिन आज देश की छवि को नुकसान पहुंचा है। प्रधानमंत्री के आचरण ने इस पद की गरिमा और सम्मान को कम किया है। कर्रा ने आरोप लगाया कि सरकार वैश्विक शक्तियों के साथ अपने संबंधों में भारत के हितों से समझौता कर रही है। उन्होंने कहा कि वे यह तक तय कर रहे हैं कि भारत रूस से तेल खरीदे या नहीं।
हमारे व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े फैसले किसी दूसरे देश के निर्देश पर नहीं हो सकते। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मामलों में पूर्ण समर्पण कर चुके हैं और उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजऱाइल के झंडे भी जलाए। कर्रा ने कहा कि हमें अपने संवैधानिक अधिकार के तहत विरोध करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यह लोकतंत्र नहीं बल्कि निरंकुशता है और नाजी युग की झलक है। कर्रा ने एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी सहित महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि बढ़ती कीमतों से करोड़ों लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और देश की आर्थिक स्थिति और खराब होगी।


























