
डीएवी कुसमुंडा में हुआ सृजन उत्सव
कोरबा। शिक्षण संस्थानों में अकादमिक शिक्षा के साथ विभिन्न गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इससे छात्रों की प्रतिभा को निखारने में सहायता मिल रही है। कुसमुंडा के डीएवी पब्लिक स्कूल में सृजन उत्सव इसी कड़ी में आयोजित किया गया। बच्चों ने यहां कई विधाओं में खुद को साबित किया।
कुसमुंडा के डीएवी पब्लिक स्कूल कुसमुंडा में सृजन उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी-अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक सचिन नानजी पाटिल रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। उत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा कलर पेंटिंग, पर्यावरण जागरूकता, गणित एवं विज्ञान विषय आधारित मॉडल, तथा तारामंडल (प्लैनेटेरियम) से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों के नवाचार और प्रतिभा को देखकर अभिभावक व आगंतुक बेहद प्रभावित हुए। मुख्य अतिथि सचिन पाटिल ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने ‘सृजन उत्सव’ में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन की भी प्रशंसा की। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की मेहनत और रचनात्मकता की प्रशंसा की।
















