राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाया अपना दृष्टिकोण

कोरिया बैकुंठपुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर, जिला कोरिया में 11 फरवरी 2026 को भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान परिषद द्वारा प्रायोजित तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के उत्प्रेरण एवं अभिप्रेरण से जिला शिक्षा विभाग कोरिया के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस कोरिया के जिला समन्वयक हरिकान्त अग्निहोत्री द्वारा किया गया।
यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया विनोद कुमार राय एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी तथा वर्तमान जिला क्रीड़ा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिले भर के हायर सेकेण्डरी, हाई स्कूल एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में आयोजन संस्था के प्राचार्य अमृतलाल गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में व्यावहारिक रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने का संदेश दिया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर हायर सेकेण्डरी/हाई स्कूल स्तर एवं माध्यमिक स्तर पर तीन प्रमुख विधाओं—मॉडल प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता—का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण और आधुनिक तकनीक से जुड़े नवाचार शामिल रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक सोच और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी प्रदर्शन किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ विज्ञान के महत्व और उसके सामाजिक प्रभाव पर विचार व्यक्त किए। आयोजन मंडल के सदस्य राजेश कुमार पाण्डेय, नरेन्द्र प्रसाद दुबे, वीरेंद्र जायसवाल एवं श्रीमती जिज्ञासा दुबे ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का सूक्ष्म परीक्षण निर्णायक दल— धर्मेन्द्र कुमार सिंह, कमल डड़सेना एवं दामोदर साहू—द्वारा किया गया।
निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण, विषय की समझ एवं नवाचार को आधार बनाकर परिणाम घोषित किए। प्रत्येक विधा में दोनों स्तरों पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मैडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मार्गदर्शक शिक्षकों में सुनील जायसवाल, गौरव साहू, श्रीमती ज्योति पी.जे. नायर, अंजू सिंह, भीम धुरंधर, दिव्या गुप्ता, चंद्रवती सिंह, डॉ. कंचन कुशवाहा, स्वाती अम्बेकर, घोष, आशा महंत, एनी नम्रता, हेमलता नवरंगे, अखिलेश तिवारी, गीता सिंह, खुशबू सिंह, रेशमलाल बंजारे, संतोष कुमार यादव, संजय कुमार, रीना घितोड़े, दीपमाला दास, मैना पैकरा, विजय सोनी सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक सोच को प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का यह आयोजन जिले में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

RO No. 13467/10