
कोरबा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी जिले में कर ली गई है। हाई और हायर सेकेंडरी की परीक्षा में इस वर्ष कुल 22 हजार 287 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए उनका पंजीकरण हुआ है।
कोरबा जिले के अंतर्गत बोर्ड की इन परीक्षाओं को संपन्न कराने के लिए कुल 98 केंद्र बनाए गए हैं। इनकी स्थिति कोरबा नगर, उपनगरीय क्षेत्र, बालकोनगर, जमनीपाली, कुसमुंडा सहित पांच विकासखंडों में होगी। परीक्षा को लेकर जो जानकारी डाटा सेंटर से मिली है उसके अनुसार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 12771 विद्यार्थी शामिल होंगे। जबकि हायर सेकेंडरी परीक्षा में यह संख्या 9516 है। प्रशासन और बोर्ड के निर्देश पर संबंधित परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। वहां के लिए केंद्राध्यक्ष और ऑब्जर्वर की नियुक्ति कर दी गई है। उन्हें इसके अनुसार परीक्षा संपन्न करानी होगी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों ही बोर्ड परीक्षाओं के लिए समय सारिणी की घोषणा कर दी गई है। इसके हिसाब से परीक्षार्थियों को 30 मिनट पहले केंद्रों में पहुंचना होगा। पेन के अलावा कोई और सामाग्री वर्जित होगी। गणित और दूसरे प्रैक्टीकल विषय में शेड्यूल के अनुसार सहायक सामाग्री की पात्रता होगी। वहीं परीक्षा में अनुचित साधनों की उपयोग की रोकथाम के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। हालांकि शिक्षा विभाग ने उम्मीद जताई है कि विद्यार्थियों ने शिक्षा और अपने भविष्य को लेकर गंभीरता दिखाई है इसलिए अप्रिय स्थिति से बचा जाएगा।
परीक्षा सामाग्री का किया गया वितरण
इससे पहले समन्वयक संस्था शासकीय साडा कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल ट्रांसपोर्ट नगर से परीक्षा केंद्रों के लिए सामाग्री का वितरण सोमवार को कर दिया गया। सुबह से यहां भीड़भाड़ की स्थिति रही। तय व्यवस्था के अंतर्गत केंद्र के प्रभारी या उनके प्रतिनिधि को सामाग्री दी गई।


















