सुनील जाखड़ का आरोप- मोगा में प्रवासी मजदूरों को साजिश के तहत टारगेट किया गया

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने मोगा जिले में प्रवासी मजदूरों पर हुए हमले की घटना की निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोगा में बाहर से आए मजदूरों को साजिश के तहत टारगेट किया गया। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, पहले पंजाब में बिजनेसमैन को टारगेट किया जा रहा था, जिसकी वजह से यहां कोई नई इंडस्ट्री आने को तैयार नहीं हो रही थी। अब मोगा में बाहर से आए मजदूरों को साजिश के तहत टारगेट करने की घटना हुई है। यह बहुत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पिछले कुछ समय से इस विषय पर समाज में जहर फैला रहे हैं। सुनील जाखड़ ने कहा कि यह पंजाबियत नहीं है। यह गुरु साहिबों के दिखाए रास्ते के बिल्कुल उलट है। सुनील जाखड़ ने आगे लिखा, इन प्रवासी मजदूरों का भी पंजाब की इंडस्ट्री और खेती में बहुत बड़ा योगदान है। भगवंत मान सरकार को अपनी नींद से जागना चाहिए और समाज में फूट डालने वाली और लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को बिगाडऩे वाली ताकतों के खिलाफ एक्शन लेने की हिम्मत दिखानी चाहिए।

RO No. 13467/10