
पटना। Bihar Politics: होली के दिन बिहार की सियासत में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर मीडिया में चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे और उनके पुत्र निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, इन अटकलों पर अब तक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से न तो कोई खंडन आया है और न ही आधिकारिक स्पष्टीकरण।
उल्लेखनीय है कि 5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है। इससे पहले जदयू के राज्यसभा प्रत्याशियों की सूची सामने आने की संभावना है।
मुख्यमंत्री बदलने का सवाल ही नहीं
इधर, एनडीए की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इन चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि ऐसी किसी तरह की चर्चा न तो है और न ही ऐसी कोई परिस्थिति बनने वाली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार के अनुभवी नेतृत्व में बिहार में एक मजबूत सरकार चल रही है।


























