
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते भारत और ब्राजील समेत कई देशों पर 50 प्रतिशत का टैरिफ लगाने का फरमान सुनाया था। ट्रंप के आदेश के बाद से ही सोने के आयात पर सस्पेंस बना था। वहीं, ट्रंप ने साफ कर दिया है कि गोल्ड को टैरिफ वॉर से बाहर रखा जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि सोने पर टैरिफ नहीं लगेगा। पिछले एक हफ्ते से कयास लगाए जा रहे थे कि सोने पर टैरिफ लगेगा या नहीं। कस्टम और सीमा सुरक्षा विभाग ने भी सोने पर भारी टैरिफ लगने का अंदेशा जताया था। सोने पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगने की अफवाहों से इसकी कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल रहा था। ट्रंप ने खुद पोस्ट शेयर करते हुए सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, सोने पर टैरिफ नहीं लगेगा। ट्रंप ने इससे ज्यादा अन्य कोई भी जानकारी साझा नहीं की। ट्रंप की इस पोस्ट के बाद अब सोने की कीमतों में कमी आ सकती है।


















