हाथियों का आतंक : कुम्हारीसानी में ढहाए दो मकान

कोरबा। पड़ोसी जीपीएम जिले से पहुंचे दंतैल हाथियों का उत्पात लगातार दूसरे दिन जारी है। दंतैल हाथियों के दल में शामिल एक हाथी ने जहां रविवार की रात गोलाबहरा में एक वृद्धा की जान ले ली थी, वहीं बीती रात रेंज के कुम्हारीसानी गांव में उत्पात मचाते हुए हाथियों ने दो ग्रामीणों के मकान को ढहा दिया। इस घटना में ग्रामीण का परिवार बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को सूचना दिए जाने पर उसका अमला मौके पर पहुंचा और उत्पाती हाथियों को खदेडऩे की कार्यवाही की, जिस पर वे जंगल के रास्ते तराईमार पहुंचकर वहां के जंगल में डेरा डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार तीन सदस्यीय हाथियों का यह दल काफी आक्रामक है। हाथियों ने बीती रात जिन दो ग्रामीणों के घर को निशाना बनाया इनमें फागुन सिंह तथा एक अन्य शामिल है। इनका परिवार रात में सो रहा था तभी आधी रात को अचानक क्षेत्र में घुम रहे हाथियों की धमक हुई और गांव के बाहरी हिस्से में स्थित घरों को निशाना बनाते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। इस घटना में मकान मालिक व उसके परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह छिपकर जान बचाए और गांव वालों को हाथियों के आने की जानकारी दी, जिस पर गांव वालों ने वन विभाग को सूचित किया। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल पहुंचे वन अमले ने हाथियों को खदेडऩे की कार्यवाही की। वन अमला द्वारा खदेड़े जाने पर हाथियों ने जंगल का रूख किया। हाथियों के जंगल की ओर जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ज्ञात रहे हाथियों के इस दल ने एक दिन पहले गोलाबहरा में एक वृद्धा पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। हाथियों के क्षेत्र में उत्पात से ग्रामीण दहशत में हैं। वहीं वन अमला हाथियों की लगातार निगरानी में जुटा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक मैदानी अमले के द्वारा ड्रोन कैमरे के द्वारा निगरानी की जा रही है। इस बीच जटगा रेंज में 51 हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। हाथियों को आज सुबह जटगा बिट के पहाड़ क्षेत्र में देखा गया।

RO No. 13467/10