बिलासपुर में बदमाशों का आतंक

कार को टक्कर मारने के बाद आरक्षक से विवाद कर सिर फोडऩे वाले आरोपियों का सिर मुड़वाकर पुलिस ने निकाला जुलूस
बिलासपुर। बिलासपुर में पुलिस की सख्ती के दावों के बाद भी बदमाशों का आतंक कम नहीं हो रहा है। मंगलवार की रात घर के बाहर खड़ी आरक्षक की कार को स्कूटी सवार युवकों ने टक्कर मार दी, जिसके बाद युवकों ने आरक्षक पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। वहीं, एक अन्य घटना में गली से निकलते हुए युवक बाइक से टकरा गई, जिससे नाराज युवकों ने पिता-पुत्र पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार कश्यप कॉलोनी में रहने वाला दिलीप सिंह आरक्षक के पद पर कार्यरत है। वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में में पदस्थ है। मंगलवार की रात वह मार्केट जाने के लिए कार में बैठ कर परिवार के सदस्यों का इंतजार कर रहा था। तभी कॉलोनी के ही हिमांशु वर्मा स्कूटी से आया और कार को टक्कर मार दी। आरक्षक ने उसे ठीक से गाड़ी चलाने को कहा। इतने में उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।
जिसके बाद हिमांशु ने मोहल्ले के आयुष वर्मा और धीरज प्रजापति सहित अपने दोस्तों को बुला लिया। फिर सभी युवक मिलकर आरक्षक के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लडक़ों ने आरक्षक के सिर को फोड़ दिया। विवाद व मारपीट होते देख आसपास के लोग बीच बचाव करने आए, तब युवकों ने उनके साथ भी धक्कामुक्की की। फिर भाग गए। घायल आरक्षक ने घटना की रिपोर्ट सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मोपका निवासी प्रखर शर्मा (19) अपने पिता उमेश शर्मा के साथ बिलासपुर आया था। सोमवार की रात करीब 8 बजे दोनों बाइक से मोपका लौट रहे थे। दोनों जूना बिलासपुर नागोराव शेष स्कूल के पास पहुंचे थे। तभी गली से बाइक सीजी 10 बीएक्स 8253 पर फजलबाड़ा निवासी सैफ खान उर्फ सैफू (25) निकला। प्रखर ने ब्रेक लगाकर अपनी बाइक रोकी।
इतने में सैफ उसे गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर सैफ ने वहां खड़े अपने दोस्त अरमान खान (19) व अमन भौरे (22) को बुलाकर मारपीट शुरू कर दी। तीनों ने मिलकर मौके पर बटन चाकू निकाला और प्रखर व उसके पिता पर चलाया। घटना में पिता को चोट लगी।
इसके बाद तीनों युवक मौके से भाग निकले। प्रखर तत्काल पिता को लेकर कोतवाली थाने पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज मंगलवार को पुलिस ने तीनों चाकूबाजों का जुलूस जूना बिलासपुर क्षेत्र में निकाला। इसके बाद कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल भेज दाखिल कराया।
पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी सैफ भी खुद पर चाकू से वार कर थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को विवाद के दौरान बीच बचाव करते समय चाकू लगने की बात बताई। लेकिन, पुलिस की पूछताछ में आरोपी फंस गया और साथियों के साथ पकड़ा गया।

RO No. 13467/11