बिहार और राजस्थान के पांच कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में आतंकी अजमल कसाब का जिक्र

नई दिल्ली। राजस्थान के बाड़मेर और नागौर के मेड़ता कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की फिर से धमकी मिली है। बाड़मेर जिला न्यायाधीश को भेजे गए ई-मेल में आतंकी अजमल कसाब का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि मुझे नहीं पता कि ब्लास्ट का समय क्या था, शायद दोपहर एक बजे से पहले। रिस्क मत लेना। यह कोई फेक धमकी नहीं है। कुछ बम ड्रोन से गिराए गए थे। जगह पता नहीं है, लेकिन छतों पर चेक कर लें।

कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और दोनों कोर्ट परिसर को खाली करवा कर डाग स्क्वाड और बम निरोधक दस्तों ने सर्च आपरेशन शुरू किया। हालांकि, जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

वहीं, बिहार के पटना, बेगूसराय और खगडि़या व्यवहार न्यायालय परिसर को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसकी वजह से परिसर में मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया। बाद में केवल अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों को जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी गई, लेकिन सुरक्षा कारणों से पूरे दिन न्यायिक कार्य स्थगित कर दिया गया।

RO No. 13467/11