पुलिस कर्मियों की स्वास्थ्यगत परेशानी को जानने किया परीक्षण

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में ‘रजत जयंती महोत्सव’ धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं कोरबा अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 5 नवंबर को कटघोरा पुलिस थाना परिसर में एक विशेष मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में कटघोरा पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं जवानों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। वहीं नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुद्रिका प्रसाद तिवारी ने भी शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और इस पहल की सराहना की। शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम द्वारा उपस्थित सभी लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, एवं अन्य आवश्यक जांचें की गईं। साथ ही लैब परीक्षण के पश्चात आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, नगर पालिका कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कोरबा अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर जिले के विभिन्न स्थलों पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

RO No. 13467/11