
अमृत भारत स्टेशन के तहत कराए जा रहे काम
कोरबा। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत कोरबा स्टेशन के कायाकल्प की शुरुआत लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन अब तक न तो नया फुट ओवर ब्रिज बन सका है और न ही प्लेटफार्म विस्तार व शेड निर्माण जैसे जरूरी कार्य पूरे हो पाए हैं। काम की धीमी गति ने योजना की मंशा पर ही प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज अब तक तैयार न होने के कारण यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीड़ के समय पटरियों को पार करना मजबूरी बन गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बुकिंग कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने प्रस्तावित पोर्च निर्माण सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी अधर में लटके हुए हैं। इससे स्टेशन की अव्यवस्था और बदहाल तस्वीर यात्रियों के सामने साफ नजर आती है।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले कई अन्य रेलवे स्टेशनों में अमृत भारत योजना के कार्य समय से पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। इसके विपरीत कोरबा स्टेशन में निर्माण की रफ्तार बेहद धीमी होने से स्थानीय लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
यात्रियों और शहरवासियों में नाराजगी
रोजाना स्टेशन का उपयोग करने वाले यात्रियों और शहरवासियों का कहना है कि अधूरे निर्माण कार्यों से न केवल परेशानी बढ़ी है, बल्कि स्टेशन की छवि भी खराब हो रही है। लोग मांग कर रहे हैं कि रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द कार्यों में तेजी लाए।
प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल
निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर रेलवे प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
























