
जम्मू। जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रॉयल पार्क के बाहर एक शादी समारोह के दौरान अचानक फायरिंग की घटना हो गई।
इस समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी भी मौजूद थे। घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर मौजूद मेहमानों और सुरक्षाकर्मियों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों वरिष्ठ नेता ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में वरिष्ठ वकील की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर हटाया।






























