कार ने मारी टक्कर, हेलमेट के बावजूद नहीं बची बाइक सवार युवक की जान, एक माह पहले हुई थी शादी

भोपाल। राजधानी के शाहपुरा इलाके में रविवार रात रफ्तार ने एक घर की खुशियां उजाड़ दीं। दानापानी रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। शाहपुरा थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय शुभांकर गौर बीडीए कॉलोनी, अवधपुरी का निवासी था और पेशे से कारपेंटर था। रविवार रात वह साइट से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान दानापानी रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा।ेशुभांकर ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन पेट और पसलियों में आई गंभीर अंदरूनी चोटें जानलेवा साबित हुईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी संतोष मरकाम के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने कार से टक्कर मारने की पुष्टि की है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार चालक की पहचान की जा सके।हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। शुभांकर की शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी। उसकी असमय मौत से घर में मातम पसरा है। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

RO No. 13467/11