
कोरिया चरचा कालरी। चर्चा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका शिवपुर के कालरी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सप्ताहिक बाजार के कारण उस समय सडक़ पर आवाजाही काफी अधिक थी। दोपहर लगभग 2 बजे अहमद पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार टाटा अल्ट्रास कार वाहन क्रमांक ष्टत्र 16 ष्टक्र 5247 अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े करीब पांच वाहनों को टक्कर मारते हुए एक दुकान के सेड को क्षतिग्रस्त करते हुए रुक गई
गनीमत रही कि जिस स्थान पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुई, वहां उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। अन्यथा एक बड़ी जनहानि होना तय था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में सवार तीनों युवक नशे की हालत में थे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें वाहन से बाहर निकालकर जमकर ठुकाई की और पुलिस को सूचना दी। सूत्रों के मुताबिक, वाहन चालक चरचा कालरी के विभागीय अंबेडकर नगर कॉलोनी निवासी महिला कॉलरी कर्मचारी श्रीमती धनेश्वरी का पुत्र है, जो पूर्व में भी कई बार दुर्घटनाओं में शामिल रह चुका है। सूचना मिलते ही चर्चा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। चर्चा कालरी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गांजा, अवैध महुआ शराब, नशीली गोलियां, सिरप और इंजेक्शन जैसे पदार्थों का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। क्षेत्र के अनेक युवा इस नशे की चपेट में आकर अपने भविष्य को अंधकार में धकेल रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों को इस अवैध गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है जिससे आसामाजिक तत्व और निरंकुश हो गए हैं। अवैध नशे के कारोबार से होने वाले आर्थिक लाभ के लालच में कुछ लोग युवाओं को बरबादी की ओर धकेल रहे हैं। अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम उठाए होते, तो ऐसी दुर्घटनाएं शायद टाली जा सकती थीं। जनता की यही मांग है कि नशे के कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रह सके। प्रशासन के द्वारा सक्षम कार्यवाही के अभाव में विवश होकर नागरिकों को नशे के विरुद्ध मुहिम छेडऩी होगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
























