नई दिल्ली। 2025 में जुलाई महीना एक दशक में सबसे ठंडा रहा है। माह का औसत अधिकतम तापमान 2016 के बाद सबसे कम दर्ज किया गया है। वहीं माह के ज्यादातर दिन अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे ही रहा है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग पर जुलाई में वर्षा वाले 14 दिन रिकार्ड हुए हैं। माह भर में कुल वर्षा सामान्य 209.7 मिमी के मुकाबले 235.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह 35.5 मिमी अधिक है।

अब अगर तापमान की बात करें तो अतिरिक्त वर्षा के कारण इस माह राजधानी के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। माह का औसत अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2016 (34.5 डिग्री) के बाद सबसे कम है।

मतलब बीच बीच में उमस भरी गर्मी के बावजूद जुलाई का महीना पिछले 10 साल में सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान पांच साल के दौरान सबसे कम रहा है। इस साल जुलाई का औसत न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस है जो 2021 (26.5 डिग्री) से भी कम है।