
गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम में अक्टूबर 2023 में 11 वर्षीय बेटे शब्द उर्फ सद्दी की हत्या करने वाली सौतेली मां रेखा और उसकी सहेली पूनम को कोर्ट ने मंगलवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक वर्ष अतिरिक्त कारावास भुगतनी होगी। गाेविंदपुरी स्थित डबल स्टोरी कालोनी में राहुल की बागपत की रेखा से शादी हुई। दोनों की यह दूसरी शादी थी। रेखा काे पहले पति से एक बेटी डेढ वर्षीय बेटी परी थी। जबकि राहुल का पहली पत्नी से 11 वर्षीय बेटा शब्द उफ सद्दी था। कुछ दिन राहुल नोएडा रहे, लेकिन शादी के बाद गोविंदपुरम रहने लगे। घर से अचानक शब्द लापता हो गया। राहुल ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने छानबीन की।
सीसीटीवी में मकान के अंदर जाता दिखा शब्द
मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सभी कैमरों में शब्द मकान के अंदर जाता दिख रहा था। किसी में भी वह बाहर आता नहीं दिखा। इसलिए पुलिस को शक हुआ तो घर में तलाश शुरू की। पुलिस ने देखा तो सेप्टिक टैंक का एक स्लैब टूटा था। उसपर लकड़ी का फट्टा रखा था। शक के आधार पर पुलिस ने लाठी से टैंक को खंगाला तो अंदर शव का पता चला।


















