
रायपुर। राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंप पर एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वार्ड क्रमांक 67 चंगोराभाठा निवासी एक युवक ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित युवक एफ. आर. फ्यूल पेट्रोल पंप, जो राजकुमार कॉलेज के सामने स्थित है, में कार्यरत है। घटना 3 नवंबर 2025 की दोपहर लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित ने बताया कि उस समय पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ थी। इसी दौरान बिनेश तुर्का नामक युवक डिब्बे में पेट्रोल लेने आया। भीड़ अधिक होने के कारण कर्मचारी ने उसे दूसरे काउंटर से पेट्रोल लेने की सलाह दी। इसी बात पर बिनेश तुर्का भड़क गया और बहसबाजी करते हुए वहां से चला गया। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। रात करीब 8:50 बजे, बिनेश तुर्का अपने कुछ साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर वापस आया और कर्मचारी पर गाली-गलौज शुरू कर दी।



























