
पूर्वी दिल्ली, २३ फरवरी ।
हर्ष विहार के शवदाह गृह में रविवार को एक पंडित ने एक शव के गले पर निशान देखकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इससे वहां हंगामा हो गया। पंडित ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। जांच में पता चला कि युवक ने घरेलू विवाद में खुदकुशी की थी। परिवार ने उसे हार्ट अटैक दिखाने की कोशिश की। भारत उर्फ कालू के शव को हर्ष विहार थाना पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।भारत अपने परिवार के साथ हर्ष विहार में रहते थे। वह पेशे से एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड थे। मृतक के परिवार ने बताया कि भारत की ससुराल कोंडली में है। 20 फरवरी को भारत की साली की शादी थी। वह अपने परिवार के साथ ससुराल शादी में गए हुए थे। परिवार ने आरोप लगाया कि 22 फरवरी की सुबह छह बजे भारत के ससुराल से फोन आया कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। करीब सात बजे वह शव लेकर घर आ गए।कुछ देर के बाद परिवार के लोग हर्ष विहार के शवदाह गृह में संस्कार के लिए पहुंचे। पंडित जैसे ही अंतिम संस्कार के लिए चले, उन्होंने कपड़ा हटाया तो शव के गले पर निशान थे। शक होने पर उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो उसने कहा कि उन्होंने इसलिए झूठ बोला कि अंतिम संस्कार न हो। रविवार सुबह उनके पति का शव कमरे में चुन्नी के सहारे लटका हुआ मिला। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा युवक ने खुदकुशी की थी या उसकी हत्या हुई है।























