
कोरबा। कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र में एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचल दिया। इस हमले में 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत नामक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही पर ही मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राजेश कुमार सिंह राजपूत रजगामार का निवासी बताया जा रहा हैं।जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे घटित हुई, जब राजेश कुमार सिंह राजपूतअपनी पत्नी के साथ मंडी में सो रहे थे। अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और राजेश कुमार सिंह राजपूत पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई और वन विभाग को भी सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है। चोरी होने के कारण झोपड़ी बनाकर रह रहे थेवन विभाग की टीम ने घटना स्थल का पंचनामा कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पत्नी श्रीमती पिंकी देवी को स्थानीय ग्रामीणों के समक्ष 25 हजार नगद तात्कालीक सहायता राशि भुगतान किया गया है। प्रकरण में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग छग शासन के वर्तमान निर्धारित मुआवजा 5 लाख 75 हजार भुगतान की वैधानिक अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। वन अग्रि सीजन होने के कारण वन अमला द्वारा प्रतिदिन निरंतर रात्रि गश्त की जा रही है। तथा हाथी विचरण क्षेत्रों में निरंतर मुनादी की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग है कि हाथी विचरण क्षेत्र में स्थित धान खरीदी केन्द्रों के धान का उठाव प्राथमिकता से किया जाए
जानकारी के अनुसार, कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान चोरी की लगातार घटनाओं के कारण राजेश कुमार सिंह राजपूत और उनकी पत्नी अस्थायी रूप से एक झोपड़ी बनाकर केंद्र की देखरेख कर रहे थे।
उल्लेखनीय हैं की हाथी अक्सर धान मंडियों में धान खाने के लिए पहुंच जाते हैं। वन अमला और ग्रामीण इन हाथियों को खदेडऩे के लिए लगातार मशक्कत करते रहते हैं।
सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने दी आर्थिक मदद
कुदमुरा समिति कोरकोमा उपार्जन केंद्र में जंगली हाथी के हमले में मृत मंडी प्रभारी राजेश कुमार सिंह राजपूत के निधन पर सहकारी परिवार में शोक की लहर है। इसी क्रम में जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ कोरबा के पदाधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आर्थिक सहायता के रूप में 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की। संघ के पदाधिकारियों ने मृतक के निवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि स्व. राजेश कुमार सिंह राजपूत एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार कर्मचारी थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि सहकारी विभाग को भी अपूरणीय क्षति हुई है। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के पदाधिकारी विनोद भट्ट, वेद प्रकाश वैष्णव, तुलेश्वर कौशिक, चंद्रशेखर कैवत, अशोक दुबे, दुलीचंद धीवर, कमल दुबे, मुरली मनोहर दुबे, दिनेश पटेल, दुर्योधन कंवर और शशिकांत वैष्णव उपस्थित रहे। इसके अलावा कोरकोमा समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राठिया, प्रभारी प्रबंधक बृजभवन सिंह तंवर सहित कोरकोमा समिति के समस्त कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दिवंगत मंडी प्रभारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
















