
सक्ती। जिले के डभरा क्षेत्र अंतर्गत उच्चपिण्डा में संचालित आरकेएम पॉवर प्लांट में काम करने गया एक कर्मचारी लापता हो गया है। ड्यूटी के बाद कर्मचारी घर नहीं लौटा और उसका कहीं कोई पता नहीं चल पा रहा है। परिजनों ने प्लांट के मेन गेट के सामने बैठकर दिन भर प्रदर्शन किया। इधर पुलिस की टीम लापता कर्मचारी की पतासाजी में जुट गई है।
सक्ती जिले के उच्चपिण्डा में आरकेएम पॉवर प्लांट संचालित है। प्लांट में ग्राम सारसकेला निवासी 40 वर्षीय सुरेश कुमार टंडन मेंटनेंस वर्कर का कार्य करता है। प्रतिदिन की तरह वह शुक्रवार 27 फरवरी को प्लांट गया। उसकी सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी थी। शाम तक तक नहीं लौटने पर परिजनों ने जब मोबाइल पर फोन लगाया तो कोई संपर्क नहीं हो सका। अपने स्तर पर पतासाजी करने के बाद परिजन प्लांट पहुंचे, जहां कोई जानकारी नहीं मिल सकी। ऐसे में नाराज परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार 28 फरवरी को सुबह प्लांट के मेन गेट के सामने बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। समझाईश के बाद शाम की परिजन वापस घर लौटे। इस संबंध में फगुरम चौकी प्रभारी संतोष तिवारी का कहना है कि प्लांट प्रबंधन की ओर से खोजबीन की बात परिजनों को कही गई है। वहीं पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज जुटाते हुए खोजबीन में जुट गई है।























