
शिवहर। शिवहर-मधुबन हाइवे पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर-पहाड़पुर मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बालेरो वाहन ने सडक़ पार कर रहे वृद्ध को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जहांगीरपुर पंचायत के पहाड़पुर वार्ड संख्या 12 निवासी कपिल देव ठाकुर (60) के रूप में की गई है। बताया गया कि कपिल देव ठाकुर एक सैलून में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज़ की तरह शनिवार सुबह करीब सात बजे वह घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर में यह हादसा उनकी जिंदगी लील गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालेरो वाहन तेज रफ्तार में मधुबन की ओर जा रहा था। हादसे के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और गुस्से में आ गए। चालक की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को सडक़ पर रखकर शिवहर-मधुबन हाइवे को जाम कर दिया। पहाड़पुर के पास घंटों यातायात ठप रहा। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और दोषी चालक की गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।हाइवे जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस, ट्रक और निजी वाहनों सहित सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे।
यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भी कठिनाई झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर श्यामपुर भटहा थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और कार्रवाई व मुआवजे के आश्वासन के बाद लोगों को शांत कराया गया, तब जाकर हाइवे से जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कपिल देव ठाकुर की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।

























