गुजरात में उठा वोट चोरी का मुद्दा, कांग्रेस बोली- यहां भी मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ी

अहमदाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ही तरह गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भी भाजपा पर राज्य में वोट चोरी तथा मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने नवसारी संसदीय क्षेत्र की चौर्यासी विधानसभा सीट की 40 प्रतिशत मतदाता सूची की जांच के बाद इसमें 30 हजार फर्जी मतदाताओं के होने का दावा किया है। प्रदेश कांग्रेस रविवार को अहमदाबाद में वोट अधिकार रैली निकालेगी।

दक्षिण गुजरात की नवसारी लोकसभा सीट से पिछले लोकसभा चुनाव में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल रिकार्ड सात लाख 73 हजार मतों के अंतर से चुनाव जीते थे।

चावड़ा का कहना है कि नवसारी क्षेत्र की चौर्यासी विधानसभा सीट पर पंजीकृत मतदाताओं की संख्या छह लाख से अधिक है। इस सीट के 40 प्रतिशत मतदाता सूचियों के अध्ययन से पता चला है कि इनमें 30 हजार मतदाताओं के नाम फर्जी हैं। कांग्रेस गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों की जांच करेगी।

RO No. 13467/11