
भोपाल 14 फरवरी। राजधानी के निशातपुरा क्षेत्र में पेटी में बंद मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। युवती की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर ने ही पैसों के विवाद में की थी। हत्या के बाद शव को एक दिन घर में छिपाकर रखा गया और फिर पेटी में बंद कर घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित पानी के टैंक में फेंक दिया गया। निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 22 वर्षीय मिसबाह निवासी गोंदिया के रूप में हुई है। उसकी जान-पहचान इंटरनेट मीडिया पर एक डेटिंग एप के जरिए भोपाल के कमल नगर निवासी 22 वर्षीय समीर से हुई थी। समीर लोडिंग ऑटो चलाता है और उसकी दो शादियां पहले हो चुकी हैं। दोनों पत्नियां उससे अलग रह रही हैं। वहीं, मिसबाह भी अपने पति से अलग रह रही थी और पिछले साल अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में समीर के बुलावे पर भोपाल आई थी। शुरुआत में समीर ने उसे होटल में ठहराया और बाद में अपने घर ले आया, जहां दोनों लिव-इन में रहने लगे। पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढऩे लगा। आरोपी समीर का दावा है कि मिसबाह उसे छोडऩे के एवज में पैसों की मांग कर रही थी और ब्लैकमेल कर रही थी। सात-आठ फरवरी की दरम्यानी रात विवाद इतना बढ़ गया कि समीर ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद उसने अपनी मां शहनाज बी, बहन सायमा और भाई साहिल को सूचना दी।
अगले दिन आठ-नौ फरवरी की रात सभी ने मिलकर शव को पेटी में बंद किया और घर से करीब 200 मीटर दूर एक खुले पानी के टैंक में फेंक दिया।टैंक में बंद पेटी में शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में गहन पूछताछ की। स्थानीय लोगों से पता चला कि समीर के साथ एक युवती को कुछ समय पहले देखा गया था। संदेह के आधार पर समीर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






























