
प्रतिपदा उत्सव: सैकड़ों पुलिस कर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
कोरबा। हिंदू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि के अवसर पर कोरबा शहर में इस बार भी जमकर जश्न की तैयारी है। एक शोभायात्रा कोसाबादी से शुरू होगी तो दूसरी सीतामढ़ी क्षेत्र से। कई झांकियां के साथ हजारों की संख्या में लोग इन यात्राओं में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्थान पर सैकड़ो पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी भी खुद नजर रखेंगे।
आज सुबह एडिशनल एसपी लखन पटले और नीतिश ठाकुर ने पुलिस जवानों की क्लास ली। जिन स्थानों पर जवानों को ड्यूटी करना है, वहां के बारे में उन्हें जानकारी दी गई। लंबे समय तक जवानों को अपनी उपस्थिति मौके पर सुनिश्चित करनी होगी। पूरी गंभीरता और धैर्य के साथ कार्य निष्पादन के बारे में अधिकारियों ने जवानों का मार्गदर्शन किया। उनकी जरूरत की पूर्ति के लिए व्यवस्थाएं की जा रही है।
कोरबा के कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर क्षेत्र से बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के द्वारा शाम 4:00 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसका समापन राम जानकी मंदिर बुधवारी में होगा। कई प्रकार की झांकियां का समावेश इस शोभायात्रा में किया गया है। कोसाबाड़ी और निहारिका व्यापारी संघ के द्वारा क्षेत्र की सजावट की गई है। उन्होंने अपने स्तर पर शोभायात्रा के स्वागत का जिम्मा लिया है। जबकि एक शोभायात्रा का आयोजन हिंदू क्रांति सेना तीसरे साल में कर रही है। प्राचीन राम जानकी मंदिर सीतामढ़ी से यह यात्रा शाम 4 बजे प्रारंभ होगी। बड़ी संख्या में अलग-अलग राज्यों से झांकियां की व्यवस्था इस यात्रा के लिए कराई गई है जो यहां पर अट्रैक्शन पैदा करेंगे। शहर के बड़े हिस्से में स्वागत सत्कार के लिए वेदर पोस्टर लगाए गए हैं जबकि कई सामाजिक धार्मिक संगठन भी यात्रा का स्वागत करेंगे। कोरबा के इकलौते पाम मॉल के सामने स्वागत सत्कार के लिए खास तैयारी की गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसे बड़े आयोजनों में होने वाली भीड़ के दौरान अराजक तत्वों के द्वारा पॉकेटमारी से लेकर कई प्रकार की घटनाएं करने की गुंजाइश रहती है। इस बात को हमने ध्यान में रखा है और इसीलिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी अलग-अलग स्थान पर लगाई गई है।
वॉच टावर से भी होगी निगरानी
कोरबा में होने वाला यह बड़ा आयोजन है जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ इक_ी होगी। ऐसे मौके पर हर दृष्टि से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना जरूरी हो गया है । बताया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर चौक, शारदा विहार और कोरबा सिटी एरिया में वॉच टॉवर स्थापित किए गए हैं। वहां से शोभायात्रा और भीड़ पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरा का इस्तेमाल भी सुरक्षा के अंतर्गत होगा। याद रहे इस आयोजन को देखते हुए दोपहर 1:00 बजे से रात्रि 12:00 तक के लिए कोरबा शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री नहीं हो पाएगी। इसके लिए पहले ही रूट चार्ट जारी कर दिया गया है और कई प्रमुख मार्ग में बदलाव भी किया गया है। इसके अनुसार ही लोगों को आवागमन करना होगा।


















