
कोलकाता। बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा के खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रही हैं।
साल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान अशांति फैलाने के लिए बाहरी लोगों को लाने संबंधी ममता बनर्जी का आरोप उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों को सही माना जाये, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है कि पुलिस ऐसे तत्वों की निगरानी क्यों नहीं कर पाई।
शमिक ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस को आगामी चुनाव में हार की आशंका है, इसलिए इस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी राजनेता होने के नाते ममता बनर्जी को स्थिति का अंदाजा है और इसी कारण वह भड़काऊ बयान दे रही हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तृणमूल कांग्रेस भाजपा और चुनाव आयोग दोनों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश करेगी।
साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों पर हमलों के मामलों में अब तक कितनी एफआइआर दर्ज हुईं और कितने आरोपितों को गिरफ्तार किया गया?




























