चोरी की कई दोपहिया मिलने के बाद जांच का घेरा बढ़ा

कोरबा। कोयलांचल कुसमुंडा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में चार दोपहिया की जब्ती और दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर बहुत कुछ हासिल किया। पुलिस की सेवा से टर्मिनेट किए गए आरक्षक शत्रुघ्न उरांव की भूमिका इसमें सामने आई। पुलिस की जांच इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि उरांव और उसके सहयोगी ने और कितने स्थानों पर ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस ने रोहित महंत 19 वर्ष और पूर्व आरक्षक शत्रुघ्न उरांव के खिलाफ खुले स्थान से बाइक चोरी करने का मामला बीएनएस की धाराओं में पंजीबद्ध किया है। रोहित महंत के जरिए जानकारी मिली कि उसके पास जो बाइक है, उसे शत्रुघ्न से लिया गया था। शत्रुघ्न ने सर्वमंगला मंदिर के पास से बाइक चोरी करने की जानकारी दी थी। इसके बाद अगली कार्यवाही में शत्रुघ्न के कब्जे से बाइक मिली। पुलिस ने बताया कि इससे स्पष्ट हो रहा है कि शत्रुघ्न उरांव की हरकतों में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। यह मामला अपने आपमें काफी गंभीर है। इस आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि पुलिस यह पता करने का प्रयास कर रही है कि शत्रुघ्न के नेटवर्क में ऐसे और कितने लोग शामिल हैं, जिन्होंने चोरी की घटनाओं को पिछले दिनों अंजाम दिया है। माना जा रहा है कि पूछताछ और अगली कार्यवाही में कई खुलासे हो सकते हैं।
दो दिन के अभियान में पुलिस को मिली सफलता
इससे पहले कोरबा जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्र की पुलिस ने दो दिवसीय अभियान चलाया था। इसके अंतर्गत बिना नंबर की और संदिग्ध दोपहिया के अलावा अन्य गाडिय़ों पर ध्यान गया। इन सभी को जब्त करने की कार्यवाही की गई। इस दौरान कई आरोपी पकड़ में आए। उन्होंने स्वीकार किया था कि संबंधित गाड़ी को चोरी करने के साथ लगातार उपयोग किया जा रहा है। यह बात अलग है कि वर्तमान में रेत ढोने के काम में लगे कई ट्रैक्टरों में नंबर है ही नहीं। इसके अलावा लाखों में मिलने वाली थार मॉडल की कई गाडिय़ां बिना नंबर के लंबे समय से चल रही है। इन पर कार्रवाई के लिए पुलिस ने कब मानसिकता बनाएगी, इसका हर तरफ इंतजार है।

RO No. 13467/11