
कोरबा। जल संसाधन विभाग के द्वारा ढोड़ीपारा क्षेत्र में रसियन हॉस्टल के पास निर्मित आयरन पुल को गैस कटर की मदद से कटने के साथ चोरी करने के मामले में फरार चल रहे 10 आरोपियों की खोज स्थानिक पुलिस कर रही है जबकि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गत 19 जनवरी की रात इस घटना को कबाड़ चोरों ने अंजाम दिया था। इस प्रकरण में आसपास के 15 सदस्यी गिरोह ने भूमिका निभायी। इनमें कुछ शातिर बदमाश थे और कुछ उसके सहयोगी। पुलिस ने बताया कि मामले में 10 आरोपी फरार चल रहे हैं। उनकी खोजबीन के लिए टीमें सक्रिय की गई है। स्थानीय गुप्तचरों के अलावा दूसरे डिवाईस के आधार पर तलाशी का काम चल रहा है। जबकि शुरूआती जांच के साथ 5 अहम आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और कुछ माल जप्त कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मुकेश साहू बरबटी भी शामिल हैं। इससे पहले कई प्रकरणों में उसकी भूमिका स्पष्ट हुई है। पुलिस ने बताया कि कबाड़ गिरोहों पर लगातार सख्ती की जा रही है। ढोढ़ीपारा घटना के बाद सभी क्षेत्रों में उन कबाड़ चोरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ायी जा रही है जो लंबे समय से इस काम में शामिल रहे है।



















