नेपाल में सामान्य होने लगे हालात, पांच मार्च को होगा आम चुनाव; पीएम कार्की आज गठित करेंगी मंत्रिमंडल

Oplus_131072

काठमांडू। नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के अंतरिम प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश में हालात सामान्य होने लगे हैं। इस बीच राष्ट्रपति रामंचद्र पौडेल के कार्यालय की ओर से घोषणा की गई है कि नेपाल में संसदीय चुनाव अगले वर्ष पांच मार्च को कराए जाएंगे।

एक सप्ताह तक चले हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद यह लिया गया है, जिनके चलते केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद सुशीला कार्की को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया।

प्रतिनिधि सभा को भंग किया, चुनाव अगले वर्ष

राष्ट्रपति पौडेल ने नवनियुक्त प्रधानमंत्री की सिफारिश पर प्रतिनिधि सभा को भंग करते हुए चुनाव की तिथि की घोषणा की। 73 वर्षीय पूर्व प्रधान न्यायाधीश कार्की ने शुक्रवार रात शपथ ली, जिससे देश में राजनीतिक अनिश्चितता का दौर समाप्त हुआ।

नवनियुक्त पीएम कार्की आज गठित करेंगी छोटा मंत्रिमंडल

इंटरनेट मीडिया पर प्रतिबंध और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच ओली का अचानक इस्तीफा हुआ। कार्की रविवार को एक छोटा मंत्रिमंडल गठित करेंगी, जिसमें गृह, विदेश और रक्षा सहित लगभग दो दर्जन मंत्रालय होंगे।

राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्की पदभार ग्रहण करने के बाद कुछ मंत्रियों को शामिल करते हुए मंत्रिपरिषद का गठन करेंगी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान सिंह दरबार सचिवालय स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में आग लग गई थी, इसलिए गृह मंत्रालय के लिए नवनिर्मित भवन को प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए तैयार किया जा रहा है।

RO No. 13467/11