
प्रेमनगर चौराहे पर हुई घटना
कोरबा। दर्री के प्रेमनगर चौराहे पर आज सुबह हुई आगजनी की एक घटना ने दुबे बेल्ट एंड गारमेंट्स दुकान स्वाहा हो गई। यह सब इतनी जल्द हुआ कि न तो दमकल पहुंच सकी और न ही उसे काम करने का मौका मिल सका। दुकान संचालक को इस घटना में हजारों का नुकसान हुआ है और उसके सामने आजीविका की चुनौती खड़ी हो गई है।
आज 11 बजे के आसपास प्रेमनगर मार्केट के पास यह घटना हुई। बताया गया कि यहां पर लाइन से अलग-अलग तरह की दुकानें संचालित हैं। सीमांत पूंजी वर्ग के द्वारा ऐसे कार्यों को किया जा रहा है। इसके जरिए परिवारों का भरण-पोषण संभव होता है। खबर के अनुसार घटना के दौरान एक वेल्डिंग दुकान में काम चल रहा था। अगल-बगल की दुकानें खुली नहीं थी। वेल्डिंग दुकान से निकली चिंगारी ने इसके ठीक बगल की दुकान को अपने संपर्क में लिया और इसके साथ ही वहां जमकर आग लग गई। मौके पर चमड़े के बेल्ट, परफ्यूम और गारमेंट्स के अलावा अन्य सामान थे। आग ने तुरंत अपना असर दिखाया और पूरी दुकान को ही कुछ ही देर में साफ कर दिया। आसपास के लोग हरकत में आए और उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन कोई असर नहीं हुआ। हालांकि घटना की सूचना दमकल को भी दी गई लेकिन उसके यहां पहुंचने और सक्रियता दिखाने से पहले कहानी खत्म हो गई थी। घटना की जानकारी होने पर दुकान संचालक दुबे कोरबा से यहां पहुंचा। उसके पास चिंता करने के अलावा कुछ नहीं बचा। उसकी स्थिति देख आसपास के लोगों ने सहानुभूति दिखाई। कुछ ने अलग-अलग स्तर पर सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने आगजनी की घटना और इसके तथ्यों के आधार पर कार्यवाही करने की बात कही है।
गर्मी के सीजन में सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि कल से रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभावित हैं। होली से पहले तापमान का स्तर काफी हो सकता है। गर्मी के सीजन में आगजनी की घटनाएं ज्यादा होती है और इसमें संपत्ति का नुकसान भी अधिक होता है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। सीएसईबी ने कहा कि फायर उपकरणों की समीक्षा जरूरी है।














