
बक्सर, 0२ अगस्त।
जिले में गंगा खतरे के निशान से मात्र 40 सेंटीमीटर दूर है। कल शाम सात बजे के बाद जलस्तर में करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। जलस्तर में वृद्धि इसी तरह जारी रही तो रविवार या सोमवार तक जिले में गंगा खतरे के निशान को पार कर सकती है। गंगा के अगले प्रवाह में उत्तर प्रदेश के निकटवर्ती शहर बलिया में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब एक मीटर ऊपर है। इसी तरह गंगा के रास्ते में बक्सर से ठीक पहले यूपी के शहर गाजीपुर में भी नदी खतरे के निशान से करीब 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वाराणसी में गंगा खतरे के निशान के करीब है और वहां जलस्तर में तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। प्रयागराज में संगम पर गंगा का जलस्तर चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है और खतरे के निशान को छूने को बेताब है।
शनिवार की सुबह आठ बजे बक्सर में गंगा का जलस्तर 59.91 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से करीब 60 सेंटीमीटर अधिक है। चालू सीजन में गंगा का यह सबसे अधिक जलस्तर है। इस मौसम में दूसरी बार गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया है। प्रयागराज में गंगा से मिलने से ठीक पहले, प्रतापपुर में यमुना का जलस्तर छह सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है। यमुना की सहायक केन नदी का जलस्तर तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है।
बेतवा का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से घटने लगा है।