जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का मिटेगा नामोनिशान: सेना ने बनाया सॉलिड प्लान, खुफिया सूचनाओं से दहशतगर्दों पर होगा प्रहार

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सेना, सुरक्षाबल खुफिया सूचनाओं को तुरंत साझा कर प्रदेश में आतंकवाद के खिलाफ त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां बेहतर ऑपरेशनल तालमेल, सतर्कता व समन्वित प्रयासों से संभावित खतरों से निपटेंगी।

जम्मू में पुलिस मुख्यालय में सेना की उत्तरी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में यह रणनीति बनाई गई। इस साप्ताहिक बैठक में आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति को और मजबूत करने व जीरो टॉलरेंस फॉर टेरर के संकल्प को दोहराया गया। बैठक में जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात, सुरक्षाबलों व खुफिया एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।

सूत्रों के अनुसार बैठक में आतंकवादियों की मौजूदगी संबंधी सूचनाओं पर विचार विमर्श करने के साथ उनके मंसूबों को नाकाम करने के लिए अपनाई जाने वाली संयुक्त रणनीति पर चर्चा हुई। यह तय किया गया कि सेना, सुरक्षाबल व सभी संबंधित एजेंसियों कड़ी सतर्कता व संयुक्त प्रयासों से सुरक्षा चुनौतियों का सामना करेंगी।

RO No. 13467/11