
कोरबा। 28 वर्षीय युवक की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। उसका शव नीम पेड़ के नीचे मिला। दो दिन से उसके परिजन तलाश कर रहे थे। करतला पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर मुआयना किया। मर्ग कायम करने के बाद आज उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
करतला पुलिस थाना अंतर्गत चचिया चांपा-चोरभट्टी इलाके में यह घटना हुई। खबर के अनुसार मनमोहन सिंह राठिया चांपा गांव का निवासी है। वह 07 अगस्त को अपने घर से खेत जाने की बात कह कर निकला था। उसके बारे में पता चला कि वह आदतन शराबी था। कई घंटे बीते पर जब उसकी घर वापसी नहीं हुई तो परिजन चिंतित हुए। यहां-वहां उसकी तलाश शुरू की गई। 24 घंटे बीतने पर पुलिस को अवगत कराया गया। इस बीच रक्षाबंधन की शाम को मालूम चला कि चोरभट्टी गांव की सीमा से सटे एक खेत पर लगे पेड़ के पास युवक का शव मिला। कुछ ही देर में उसकी पहचान मनमोहन राठिया के रूप में कर ली गई। करतला थाना प्रभारी केके वर्मा और हेड कांस्टेबल पद्मन सिंह ने मौके पर पहुंच मुआयना किया। लोगों से जरूरी पूछताछ की गई। उस दौरान ज्ञात हुआ कि मनमोहन दातौन तोडऩे नीम पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान वह ऊंचाई से पेट के बल गिर पड़ा। इस घटना में उसका मुंह खेत की मिट्टी में धंसा मिला। संभवता: दम घुटने से उसकी मौत हुई, माना ऐसा माना जा रहा है। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा अंतर्गत मर्ग कायम करने के साथ शव को परीक्षण के लिए भिजवाया है। पुलिस ने कहा कि डॉक्टर के अभिमत के आधार पर आगे की जांच पड़ताल की जाएगी।