
एमसीबी। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में नाबालिग लडक़ी की डिलीवरी होने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मच गया है। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार जनकपुर अस्पताल में एक नाबालिग लडक़ी की डिलीवरी कराई गई। नाबालिग से जुड़े ऐसे संवेदनशील मामलों में कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए था। सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले में अस्पताल के बीएमओ डॉ. रमन सिंह और डिलीवरी कराने वाली लेडीज डॉक्टर डॉ. आभ्या गुप्ता की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि मामले की गंभीरता के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इस प्रकार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन हर बार जांच और कार्रवाई की बात कहकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।













