
नई दिल्ली। अन्नाद्रमुक के महासचिव ईके पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी भाजपा और राजग के अन्य घटक दलों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी तथा दलों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा चार दिन में कर देगी।
पलानीस्वामी ने गुरुवार की रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि शाह के साथ उनकी बैठक सौहार्दपूर्ण रही और दोनों ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने बातचीत में किसी भी तरह की समस्या से इन्कार करते हुए कहा कि इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा। तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही है। इसके घटक दलों में भाजपा, एएमएमके और पीएमके शामिल हैं।




























