
रेस्क्यूर जितेंद्र सारथी ने लोगों को किया सतर्क
कोरबा। प्रदेश के दूसरे बड़े नागलोक यानि कोरबा जिले में लोगों को अब से लेकर अप्रैल-मई तक सावधान रहने की जरूरत है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अभी से ही सर्पदंश के मामले अचानक बढ़ गए हैं। इसलिए सावधानी बरतना बहुत जरूरी है।
वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने इसके पीछे की वजह तरूण छत्तीसगढ़ से चर्चा में बताई। उन्होंने बताया कि अप्रैल का महीना सर्पों का प्रजननकाल होता है। इससे दो महीने पहले सर्पों का व्यवहार दूसरे महीनों की तुलना में बदल जाता है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सीजन में सर्प अपने पार्टनर की तलाश में यहां-वहां भ्रमण करते हैं और इसी दरम्यान वे अपने सामने आने वाले इंसान को निशाने पर लेते हैं। परिवर्तन के पीछे दूसरी चीजें भी होती है। आमतौर पर जिन सर्पों के व्यवहार को लोग सहज मानते हैं, उनके तेवर भी बदल जाते हैं और लोगों को जान के लाले पड़ जाते हैं। जितेंद्र ने कहा कि कोरबा जिले में अलग-अलग प्रजाति के सर्पों की मौजूदगी अधिक संख्या में है। निर्माण स्थल से लेकर गली-कूचे, नाली और जंगलों में ये मिल रहे हैं। फिलहाल वर्तमान स्थिति में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।















