
नई दिल्ली। नवंबर का महीना लगभग बीतने वाला है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में सर्दियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की स्थिति बन रही है। अगले 24 घंटे के भीतर अंडमान सागर में मौसम अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 25-29 नवंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 25-27 नवंबर तक तमिलनाडु, केरल और माहे में भी तेज बरसात का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने 30 नवंबर तक आंध्र प्रदेश, केरल और पुडुचेरी के भी तटीय इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में समुद्र पूरे उफान पर रहेगा, जिससे मछुआरों और पर्यटकों को तटीय इलाकों से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर भारत की बात करें तो ज्यादातर राज्यों में तापमान तेजी से लुढक़ रहा है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पारा अभी से रिकॉर्ड तोडऩे लगा है। मौसम विभाग ने आज भी श्रीनगर, नैनीताल और देहारदून समेत मनाली और शिमला में तापमान तेजी से कम होने का अनुमान लगाया है। दिल्ली में गिरते तापमान के साथ प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। राजधानी में भी मौसम जल्द ही करवट ले सकता है, जिससे दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड का एहसास होने वाला है। हालांकि, इस बीच दिल्ली एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 450 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों का सांस लेना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।




























