
कोरबा। पसान थाना के ग्राम बर्रा में चोर की घृणित हरकत ने एक वृद्ध को निशक्त बना दिया। उसके द्वारा किए गए हमले में वृद्ध को एक आंख से वंचित होना पड़ा है । मामले की जानकारी होने पर आज सुबह कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी एसके जोगी मौके को रवाना हुए। घटना को अंजाम देने वाले कुख्यात तत्व की खोज भी के लिए गुप्तचरों को लगाया गया है।
तरुण छत्तीसगढ़ को इस बारे में जो जानकारी मिली है उसके अनुसार बर्रा गांव में हल्ला है कि बच्चा चोरों का गिरोह घूम रहा है। यह गिरोह बच्चा चोरी करने वाला है या घरों में चोरी करने वाला या कोई और, इसका सत्यापन फिलहाल नहीं हो सका है । उपलब्ध सूचनाओं में बताया गया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे एक बुजुर्ग ग्रामीण नीलकमल अपने घर में खाट पर सोया हुआ था कि घर में घुसे अज्ञात चोर ने उस पर हमला कर दिया। किसी धारदार वस्तु से किए गए हमले के कारण इस बुजुर्ग का बायां कान कट गया है । वहीं बायीं आंख फूट गई और पुतली निकल गई है। पीडि़त के चिल्लाने से हरकत में आया चोर भाग निकला। आनन फानन में परिजनों ने कोशिश की, लेकिन कुछ पता नही चला। उन्होंने वृद्ध का हाल देखा तो वे अवाक रह गए। फौरी तौर पर उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया , जहां से मेडिकल कॉलेज कोरबा के लिए रेफर कर दिया गया।

















